गैरसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में चमोली जिले की 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की 6 योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की 6 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। योजनाएं पेयजल, सड़क संपर्क, शिक्षा, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं से संबंधित हैं।
मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें 122.69 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर बांध निर्माण की योजना प्रमुख है। इसका उद्देश्य गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्यों का शिलान्यास किया गया।
अन्य शिलान्यास योजनाओं में 12.16 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन का निर्माण और 22.75 लाख रुपये की लागत से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही कुमोली रैवान मोटर मार्ग से फरखण्डे मोटर मार्ग और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग से कुमोली रैवान मोटर मार्ग को जोड़ने से संबंधित कार्यों का भी शिलान्यास किया गया। इन दोनों सड़क योजनाओं की लागत क्रमशः 6.99 करोड़ और 5.60 करोड़ रुपये है।
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) के उच्चीकरण का कार्य शामिल है। इसके अलावा 4.37 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में निर्मित ऑडिटोरियम भवन का लोकार्पण किया गया।
सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर 6 से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य और कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर 1 से 8 तक सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य भी पूरा किया गया है। इनकी लागत क्रमशः 4.03 करोड़ और 2.17 करोड़ रुपये है।
गैरसैंण में पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निर्मित दो भवनों का भी लोकार्पण किया गया। इनमें 4.37 करोड़ रुपये की लागत से बना फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन शामिल हैं।
इन योजनाओं से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शैक्षिक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। रामगंगा नदी पर प्रस्तावित बांध से पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है, जबकि बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्य स्थानीय आबादी की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।