LokLens News
आपकी आवाज़, आपकी खबर
शुक्रवार 06 Nov 2026
होम › प्रदेश
प्रदेश

महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा में शामिल हुए करन माहरा, वाल्मीकि समाज ने पगड़ी पहनाकर किया स्वागत

📅 26 Oct 2026 👤 Loklens News Team 📁 प्रदेश
महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा में शामिल हुए करन माहरा, वाल्मीकि समाज ने पगड़ी पहनाकर किया स्वागत

महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा में कांग्रेस नेता करन माहरा शामिल हुए। इस दौरान वाल्मीकि समाज के लोगों ने पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। माहरा ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता, सद्भाव व भाईचारा मजबूत करने का आह्वान किया।

महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के सदस्य एवं उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा शामिल हुए। इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के लोगों ने पारंपरिक तरीके से पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। शोभायात्रा में समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

करन माहरा ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन, विचारों और आदर्शों को याद करते हुए कहा कि उनके जीवन से सत्य, ज्ञान, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज में आपसी भाईचारे, समानता तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने में मार्गदर्शन देते हैं।

उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज में भेदभाव दूर करने और सभी वर्गों के सम्मान एवं अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने की जरूरत है। उनके आदर्शों को अपनाकर एक समरस और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के चौधरी रोहित राजोरिया, धीरज महरोलिया, जगदीश मनोठिया, मोहित राजोरिया, अगस्त लाल साह, कांग्रेस विधानसभा कोऑर्डिनेटर कुलदीप कुमार, रुद्र प्रताप माहरा, नवीन, हरीश, संजीव कुमार, दयाल, नीरज वाल्मीकि, मुकेश कुमार, सुनील कुमार, अनिल, सुनील मोहनतीया और राजेंद्र कुमार सहित वाल्मीकि समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।