LokLens News
आपकी आवाज़, आपकी खबर
सोमवार 07 Sep 2026
होमदेश
देश

मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर रानीखेत कांग्रेस मुखर, पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग

📅 31 Aug 2026 👤 Loklens News Team 📁 देश
मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर रानीखेत कांग्रेस मुखर, पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग

मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर रानीखेत कांग्रेस मुखर, पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग खड़गे की रैली के बाद सामने आए प्रकरण को बताया सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर

मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर रानीखेत कांग्रेस मुखर, पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग

खड़गे की रैली के बाद सामने आए प्रकरण को बताया सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर

रानीखेत। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के उपरांत मंच के कथित शुद्धिकरण के प्रकरण को लेकर रानीखेत कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को रानीखेत कांग्रेस कमेटी की ओर से कोतवाली रानीखेत में तहरीर देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच की मांग की गई।

कांग्रेस की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि किसी राजनीतिक कार्यक्रम के उपरांत मंच का कथित रूप से शुद्धिकरण किया जाना अत्यंत आपत्तिजनक है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार इस प्रकार की घटना से समाज में भेदभाव एवं वैमनस्य की भावना को बढ़ावा मिल सकता है और सामाजिक सौहार्द एवं सामाजिक समरसता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

तहरीर में घटना से जुड़े संबंधित व्यक्तियों एवं अन्य संलिप्त लोगों के विरुद्ध उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कानून के तहत आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट की कथित भूमिका की भी निष्पक्ष जांच किए जाने का अनुरोध पुलिस से किया गया है।

कांग्रेस ने पुलिस से मांग की है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तहरीर को विधिवत दर्ज किया जाए और उपलब्ध फोटो, वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाए। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी व्यक्ति या समुदाय को लेकर भेदभाव की भावना पैदा करने वाली घटनाएं सामाजिक एकता के लिए उचित नहीं हैं। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई होना आवश्यक है।

तहरीर के साथ संबंधित घटना के फोटो, वीडियो तथा उपलब्ध समाचार एवं प्रकाशित सामग्री को भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किए जाने की बात कही गई है।

रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होने तक लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति विभाग जिलाध्यक्ष गुसाईं राम ने की।

कार्यक्रम में पी०सी०सी० सदस्य कैलाश पांडेय, नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट,, महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, चिलियानौला अध्यक्ष कमलेश बोरा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, हॉकी संघ अध्यक्ष अगस्त लाल साह, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, सभासद सुंदर कुँवार्बी, विनीत चौरसिया, प्रमोद पाल, पंकज गुरुरानी , गुडडू खान, सुरेंद्र पवार, विकास कुमार, प्रदीप रावत, दीपक सोंटियाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।